विधानसभा का सत्र शुरू, कल पेश किया जाएगा बजट

विधानसभा का सत्र शुरू, कल पेश किया जाएगा बजट
रायपुर (चैनल इंडिया)। विधानसभा बजट सत्र आज से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से हुई। इसके बाद वित्तमंत्री ओपी चौधरी सदन में आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 प्रस्तुत किया। मंत्री चौधरी वर्ष 2026-27 के लिए कल मंगलवार को सुबह बजट पेश करेंगे। 
बजट सत्र के औपचारिक तौर पर शुरुआत होने से पहले कार्य मंत्रणा समिति की बैठक हुई. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ विधानसभा के समिति कक्ष में कार्य मंत्रणा समिति की आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी, रामविचार नेताम, विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, अजय चंद्राकर सहित समिति के सदस्य उपस्थित थे। 
20 मार्च तक चलने वाले विधानसभा के बजट सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। इस दौरान विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं। इनमें ध्यानाकर्षण की 61 सूचनाएं, नियम 139 के तहत एक की सूचना लगी है। 13 अशासकीय संकल्प के अलावा शून्यकाल की 9 और 112 याचिकाएं लगी हैं। 25 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी।