एनसीसी कैडेटों ने पौधारोपण कर मनाया पर्यावरण दिवस

जांजगीर चाम्पा से राजेश राठौर की रिपोर्ट
जांजगीर। 01 सीजी बटालियन कोरबा के कमांडिंग अफसर कर्नल सेंथिल कुमार एस के निर्देशानुसार पीएमश्री शासकीय उमा स्कूल क्र 1 जांजगीर के एनसीसी कैडेट्स ने विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधारोपण किया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेटों ने हाथों में पेड़ लगाओ जीवन बचाओ, साँसे हो रही हैं कम आओ पेड़ लगाएं हम, पेड़ लगाना है वरदान एक पेड़ दस पुत्र समान, पेड़ बचाओ पृथ्वी बचाओ, पेड़ ही पेड़ लगाते चलो धरती को स्वर्ग बनाते चलो आदि श्लोगनों की पटि्टयां लेकर उनके नारे लगाए।
इस अवसर पर प्राचार्य बैशाखी पारिया ने सभी कैडेट्स को पर्यावरण के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक वर्ष 5 जून को विश्व भर में पर्यावरण बचाओ दिवस के रूप में मनाया जाता है। पेड़ हमारे जीवन का आधार है। पेड़-पौधे जहाँ पक्षियों को आश्रय देते हैं वहीं हमें जीवनदायनी आक्सीजन भी देते हैं। हम दैनिक दिनचर्या में चाहे-अनचाहे पर्यावरण को दूषित करते हैं। परिणामस्वरूप हमारे स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ता है। प्रकृति का प्राकृतिक सौंदर्य धूमिल हो जाता है। कैडेटों के द्वारा एनसीसी अधिकारी के नेतृत्व में सीड बाल का निर्माण किया गया है जो बरसात में अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
एनसीसी अधिकारी दिनेश चतुर्वेदी ने बताया कि मानव और पर्यावरण एक-दूसरे पर निर्भर होते हैं। पर्यावरण प्रदूषण करके या वृक्षों के कम होने से मानव शरीर पर सीधा असर पड़ता है। जिसका नतीजा बाद में मानव को प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ, सूखा, भूस्खलन, हिमस्खलन आदि का सामना करना पड़ता है। इसलिए हमें अत्याधिक हो रही वृक्षों की कटाई को रोकना होगा और अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने होंगे तथा अपने परिवार, सगे-संबंधियों को भी पेड़ों की महत्ता को बताते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। कैडेटों ने पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त भारत, स्वच्छ भारत हरियर भारत पर पेंटिंग भी बनाया। इस दौरान शिक्षक मनोज यादव, सुरेखा नेताम के साथ 33 कैडेट्स उपस्थित थे।