गर्लफ्रेंड से शादी करने छत्तीसगढ़ आए नाइजीरियन को पुलिस ने भेजा जेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर में गर्लफ्रेंड से शादी करने पहुंचे एक नाइजीरियन व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दरअसल किसी तरह का वैध पासपोर्ट या कागजात नहीं होने पर पुलिस ने कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस को 29 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि नेशनल हाइवे 43 के पास गम्हरिया में गर्ग उद्यान के आसपास एक संदिग्ध विदेशी व्यक्ति स्कूटी पर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्कूटी सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया था।
पूछताछ में स्कूटी चालक ने अपना नाम राहुल खलखो (21) बताया था। राहुल कस्तूरा खूंटीटोली का रहने वाला है। दूसरा व्यक्ति नाइजीरिया का था, उसने नाम गैरी (46 वर्ष) बताया था। गैरी के पास कोई वीजा, पासपोर्ट या पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
जांच में पता चला कि गैरी जशपुर के दुलदुला थाना क्षेत्र के खूंटीटोली गांव में गर्लफ्रेंड से शादी रचाने के उद्देश्य से आया था। उस महिला मित्र के कहने पर राहुल खलखो उसे गांव घुमा रहा था। पूछताछ में उव्यक्ति ने बताया कि कथित महिला उसकी गर्लफ्रैंड है उससे वह शादी रचाने आया हुआ था। अवैध रूप से जशपुर में रुकने पर पुलिस ने गैरी के खिलाफ विदेशी अधिनियम 1946 की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया और उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।