"अंतरराष्ट्रीय संकट के बीच पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज कटौती से जनता को बड़ी राहत" : कैट
रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ ने केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर विशेष एक्साइज ड्यूटी में की गई कटौती का स्वागत करते हुए इसे आम जनता के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।
कैट के अनुसार वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि के बीच सरकार का यह कदम राहत देने के साथ-साथ आर्थिक स्थिरता बनाए रखने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। संगठन ने बताया कि पेट्रोल पर विशेष एक्साइज ड्यूटी को ₹13 से घटाकर ₹3 प्रति लीटर तथा डीजल पर ₹10 से घटाकर शून्य कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा।
कैट ने कहा कि इस निर्णय का सीधा प्रभाव परिवहन लागत पर पड़ेगा। ईंधन कीमतों में स्थिरता आने से ढुलाई खर्च नियंत्रित रहेगा, जिससे बाजार में वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि पर रोक लगेगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
संगठन ने यह भी कहा कि अंतरराष्ट्रीय संकट के समय सरकार के सामने चुनौतीपूर्ण स्थिति थी, लेकिन जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए यह संतुलित निर्णय लिया गया है।
कैट छत्तीसगढ़ ने विश्वास जताया कि व्यापारिक समुदाय इस निर्णय का समर्थन करते हुए यह सुनिश्चित करेगा कि इसका लाभ अंतिम उपभोक्ता तक पहुंचे और आपूर्ति श्रृंखला सुचारू बनी रहे।
अंत में केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि यह कदम आम नागरिकों को राहत देने के साथ-साथ अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

admin 




