भक्ति के रंग, वीर के संगः भक्ति नृत्य और सुमधुर संगीत के साथ हुआ भगवान महावीर का आगमन

भक्ति के रंग, वीर के संगः भक्ति नृत्य और सुमधुर संगीत के साथ हुआ भगवान महावीर का आगमन

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026

महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गनाइजेशन ने मेकाहारा अस्पताल में बांटे 50 बेबी किट

वर्धमान की विरासतः बीएमजेएम क्वीज कॉन्टेस्ट में भगवान महावीर पर हुई प्रश्नोत्तरी

विवेकानंद नगर में निकली प्रभात फेरी, एआई के जमाने में भगवान के उपदेशों को न भूलने का दिया संदेश

दादाबाड़ी में पहली बार 1008 एकासना 29 मार्च को

रायपुर। भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव 2026 का राजधानी में सकल जैन समाज द्वारा भव्य आयोजन किया जा रहा है। एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी तीर्थ में शुक्रवार को भगवान महावीर जन्मकल्याण महोत्सव के उपलक्ष्य में भगवान महावीर स्वामी के जीवनी पर क्वीज कॉन्टेंस्ट का आयोजन किया गया। स्पर्धा में 9 ग्रुप में तीन-तीन महिलाओं ने भाग लिया और यह क्वीज 5 राउंड में संपन्न हुई। वहीं, गुरूवार को हुए ग्रैंड तम्बोला को सेठिया दंपत्ति- विनोद सेठिया और जयश्री सेठिया ने जीता। 

महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। महोत्सव समिति, समता युवा संघ तथा अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आस्था और सेवा भाव से जुड़ रहे हैं। इसी क्रम में गुरूवार को कटोरा तालाब में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और धर्मप्रेमी शामिल हुए। प्रभात फेरी में भगवान महावीर का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की सार्थक पहल की गई। 

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 के अंतर्गत राजधानी के विभिन्न जैन मंदिरों से 15 दिनों तक प्रभात फेरी निकाली जा रही है। महावीर जयंती तक हर दिन यह आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को श्री समता मुकीम भवन शैलेंद्र नगर से श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर होते हुए श्री ज्ञान वल्लभ उपाश्रय विवेकानंद नगर तक प्रभात फेरी निकाली गई। विवेकानंद नगर मंडल के प्रतीक सांखला ने बताया कि प्रभात फेरी के दौरान पुरूष सफेद और महिलाएं केसरिया रंग के वस्त्रों में शामिल हुई। बच्चों ने हाथ में तख्ती लेकर भगवान महावीर स्वामी का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। बच्चों ने हाथ में तख्तियां लेकर एआई के जमाने में भगवान महावीर के आदर्शों और उनके उपदेशों के मूल स्वरूप को नहीं बिगाड़ने का संदेश दिया। साथ ही बच्चों ने प्रश्नोत्तरी में भाग लिया और जैन धर्म से संबंधित प्रश्नों के उत्तर दिए।  

विवेकानंद नगर में 4 लोगों ने किया रक्तदान, ब्लड डोनेशन की अपील की

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव 2026 में सेवाकार्य अंतर्गत 16 से 30 मार्च तक 15 दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है। इसी क्रम में विवेकानंद नगर में शुक्रवार को 4 लोगों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने सभी से रक्तदान करने और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की। 

भक्ति के रंग, वीर के संगः भक्ति नृत्य और सुमधुर संगीतों की धुन में प्रभु का हुआ आगमन

भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में जैन समाज द्वारा भक्ति और उत्सव से भरपूर कार्यक्रम “भक्ति के रंग, वीर के संग (रास गरबा)” का आयोजन हुआ, जिसमें धर्म, भक्ति और सांस्कृतिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रभु का आगमन, इन्द्र ध्वनि, 56 दीपक कुमकुम, मधुर संगीत के साथ महिलाओं द्वारा भक्ति नृत्य की प्रस्तुति एवं आकर्षक वेशभूषा के साथ समाजजन विभिन्न कार्यक्रम के साक्षी बनें। 

महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गनाइजेशन ने मेकाहारा में दिए 50 बेबी किट

मेकाहारा अस्पताल में आज महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गनाइजेशन (MISO) द्वारा नवजात शिशुओं के लिए निःशुल्क बेबी किट वितरण का सेवा कार्य आयोजित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती नवजात शिशुओं और उनके परिजनों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली।

कार्यक्रम में MISO के अंतर्राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अशोक जैन, रायपुर जिलाध्यक्ष अशोक मुकीम, भगवान महावीर जन्म कल्याण महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, नवनीत झा एवं डॉ. रश्मि अग्रवाल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि संस्था द्वारा यह सेवा कार्य कई वर्षों से निरंतर किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम के अंत में नवजात शिशुओं के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

रचनात्मकता को मंचः वॉल प्रतियोगिता आज

महावीर विचार वॉल प्रतियोगिता 28 मार्च को आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागी सैंड आर्ट, रंगोली, पेंटिंग और अन्य कला माध्यमों के जरिए अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। यह प्रतियोगिता युवाओं की रचनात्मकता को मंच प्रदान करेगी।

सामाजिक सरोकारः प्रमाण पत्र एवं आयुष्मान शिविर आज से

जैन एडवोकेट्स ग्रुप द्वारा 28 से 30 मार्च तक तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल जरूरतमंदों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है।

भक्ति संगीत की संध्या आज

28 मार्च को “द सोलफुल नाइट” भक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध गायक दर्शन चोपड़ा अपनी प्रस्तुति देंगे। यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं को भक्ति भाव से जोड़ने का एक विशेष अवसर होगा।

1008 एकासना का आयोजन

महोत्सव समिति द्वारा पहली बार 29 मार्च 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से 1008 एकासना का विशाल आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री जिनकुशल सूरी जैन दादाबाड़ी तीर्थ, एम.जी. रोड, रायपुर में होगा।

इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक समय भोजन का नियम अपनाकर साधना करेंगे। आयोजन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 26 मार्च शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। यह आयोजन स्व. वीरचंद जी की स्मृति में श्रीमती सरोज देवी जी की प्रेरणा से विभिन्न परिवारों के सहयोग से किया जा रहा है।

भगवान महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव समिति के संरक्षक एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेश मूणत के मार्गदर्शन में यह पावन पर्व मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत प्रतिदिन सुबह रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभात फेरियां निकाली जा रही हैं, जिनके माध्यम से भगवान महावीर स्वामी के अहिंसा, सत्य और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

महोत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रेश शाह, महासचिव गोल्डी लूनिया, कोषाध्यक्ष विकास सेठिया, कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत बैद और सचिव आनंद जैन ने जानकारी दी कि महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर जारी है। महोत्सव समिति, समता युवा संघ तथा अन्य सामाजिक संगठनों के सहयोग से विभिन्न विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेकर आस्था और सेवा भाव से जुड़ रहे हैं।