बंद होगा कुम्हारी टोल प्लाजा, जल्द कार्रवाई का आश्वासन

बंद होगा कुम्हारी टोल प्लाजा, जल्द कार्रवाई का आश्वासन

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से पूर्व विधायक विकास उपाध्याय की मुलाकात
रायपुर (चैनल इंडिया)। कुम्हारी टोल प्लाजा से हो रही अवैध वसूली का मामला अब एक गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इस टोल प्लाजा के खिलाफ  मोर्चा खोल रखा है। उन्होंने पहले 10 भाजपा सांसदों और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को इस मामले को लेकर पत्र भी लिखा था। इसके बाद विकास उपाध्याय ने टोल प्लाजा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन भी किया। 

रविवार को नागपुर में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से कुम्हारी टोल प्लाजा को लेकर मुलाकात की। इस दौरान विकास उपाध्याय ने मंत्री को टोल प्लाजा का टेंडर समाप्त होने के बावजूद वहां जारी अवैध वसूली के बारे में विस्तार से बताया और आवेदन सौंपा. बातचीत के बाद केंद्रीय मंत्री ने टोल प्लाजा को जल्द बंद कराने के लिए कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। 

विकास उपाध्याय ने बताया कि नागपुर में परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के निज निवास में कुम्हारी टोल प्लाजा बंद कराए जाने की मांग को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा हुई। नियम कंडिका का हवाला देते हुए बताया कि 60 किलोमीटर के दायरे में दो टोल प्लाजा का संचालन नहीं होना चाहिए लेकिन छत्तीसगढ़ में इन नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। कुम्हारी टोल प्लाजा के साथ-साथ छत्तीसगढ़ में अन्य भी ऐसे टोल प्लाजा है, जो 60 किलोमीटर के दायरे के अंतर्गत आते हैं और किस प्रकार इन अवैध टोल प्लाजा का संचालन हो रहा है। 

पूर्व विधायक विकास उपाध्याय की बात को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद कर देंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ के अन्य टोल प्लाजा की भी जानकारी मंगा कर उस पर भी निर्णय लेंने की बात कही। पूर्व में मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा सदन ने कहा था कि 60 किलोमीटर के दायरे में दो तो प्लाजा का संचालन नहीं होगा लेकिन छत्तीसगढ़ में इन नियमो का पालन नहीं हो रहा है.
 विकास उपाध्याय ने कहा कि अगर शीघ्रातिशीघ्र कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद करने का निर्णय नहीं लिया गया और अन्य 60 किलोमीटर के दायरे में आने वाले दो प्लाजा का संचालन बंद नहीं किया जाता है तो दिल्ली स्थित जंतर मंतर में धरना दिया जाएगा। साथ ही परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के संसदीय छेत्र नागपुर में उनके निवास में प्रदर्शन किया जाएगा।