मुख्यमंत्री से केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे की सौजन्य मुलाकात, खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने पर जोर

मुख्यमंत्री से केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे की सौजन्य मुलाकात, खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने पर जोर

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी प्रदेश के लिए गर्व की बात, बस्तर समेत समूचे प्रदेश से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मिलेगा मौका : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

बस्तर और सरगुजा ओलंपिक तथा बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों को मिल रही है देश भर में सराहना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास कार्यालय में केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर पुरंदर मिश्रा, मयंक श्रीवास्तव एवं यशवंत कुमार उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने रक्षा खडसे का शॉल, बस्तर आर्ट से निर्मित प्रतिकृति तथा बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट कर स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही अवसर और मंच देने की है। राज्य सरकार खेल एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि बस्तर और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से प्रदेश को नई पहचान मिली है और बड़ी संख्या में प्रतिभाएं सामने आई हैं। सरकार इन प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और इससे आदिवासी अंचलों के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति स्थापित होने के बाद खेलों में युवाओं की भागीदारी और बढ़ेगी।

उन्होंने ‘बस्तर पंडुम’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इस आयोजन में पारंपरिक खेल, कला, वेशभूषा और व्यंजनों सहित 12 विधाओं में लगभग 54 हजार प्रतिभागियों की भागीदारी रही, जो प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि रक्षा निखिल खडसे ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। जगदलपुर में आयोजित इस आयोजन को उन्होंने आदिवासी सशक्तिकरण और खेलों के माध्यम से प्रतिभा खोज की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।