जगदलपुर में जनजातीय खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम

जगदलपुर में जनजातीय खेल प्रतिभाओं ने दिखाया दमखम

ओडिशा ने लहराया परचम, झारखंड दूसरे स्थान पर

रायपुर। बस्तर के जगदलपुर स्थित धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में आयोजित प्रथम खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की एथलेटिक्स स्पर्धाओं का भव्य समापन हुआ। 30 मार्च से शुरू हुए इस चार दिवसीय आयोजन में देशभर की जनजातीय प्रतिभाओं ने शानदार प्रदर्शन किया और अपने खेल कौशल का परिचय दिया।

प्रतियोगिता के समापन के साथ पदक तालिका में ओडिशा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। ओडिशा ने कुल 8 स्वर्ण, 7 रजत और 9 कांस्य पदक जीते। झारखंड ने भी 8 स्वर्ण पदक अर्जित किए, लेकिन अन्य पदकों के आधार पर वह दूसरे स्थान पर रहा।

कर्नाटक 5 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे। मेजबान छत्तीसगढ़ ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए 1 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य पदक जीता।

समापन समारोह में केदार कश्यप, बनवासी मौर्य, डोमन सिंह, सुन्दरराज पी, आकाश छिकारा और शलभ सिन्हा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह आयोजन जनजातीय युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के साथ बस्तर में खेल संस्कृति को नई दिशा देने में सफल रहा।