कायस्थ समाज का देश-प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण: सामाजिक एकजुटता और विकास की नई पहल
सर्व समाज के लिए उपयोगी होगा कायस्थ मंगल भवन: संजय श्रीवास्तव
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कायस्थ समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि चंदखुरी में इस भवन का शुभारंभ पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कायस्थ समाज सदैव एक प्रबुद्ध और जागरूक समाज रहा है, जिसने देश और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। शासन-प्रशासन से लेकर सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में इस समाज की सक्रिय भूमिका प्रेरणादायी रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के विजन डॉक्यूमेंट में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है और उन्हें विश्वास है कि कायस्थ समाज इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि संगठित समाज बड़े से बड़े लक्ष्य को भी आसानी से प्राप्त कर सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में कनेक्टिविटी के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा प्रारंभ की गई है, जिससे आवागमन में सुविधा बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बजट में सीजी वायु योजना का प्रावधान किया है, जिसके तहत प्रदेश के सभी हवाई अड्डों का विकास किया जाएगा। साथ ही कार्गो सेवा भी शुरू की गई है, जिससे किसान अपने उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचा सकेंगे।

इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ मंगल भवन समाज की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता की पूर्ति का प्रतीक है। यह भवन किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि सर्व समाज के उपयोग के लिए बनाया गया है। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी।
वी.वाय. हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना ने कहा कि इस भवन का निर्माण समाज के सामूहिक सहयोग से संभव हुआ है और यह शुभ कार्यों के लिए उपयोगी सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित कायस्थ समाज के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

admin 





