प्रधानमंत्री की यह परिकल्पना छत्तीसगढ़ में हो रही साकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

प्रधानमंत्री की यह परिकल्पना छत्तीसगढ़ में हो रही साकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

‘हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके’

मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का किया वर्चुअल शुभारंभ
दिल्ली से सीधा जुड़ाव व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को देगा बढ़ावा

रायपुर। प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी से अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रमुख शहरों को विमान सेवाओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आम नागरिकों को भी सुलभ हवाई यात्रा का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की परिकल्पना रही है कि “हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके” और छत्तीसगढ़ में यह सपना साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने सरगुजा अंचल के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि इस सेवा से राजधानी दिल्ली और कोलकाता से सीधा जुड़ाव स्थापित होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में हवाई सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। हाल ही में बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा प्रारंभ हुई है। बजट में ‘सीजी वायु’ योजना के माध्यम से घरेलू विमान सेवाओं के सुचारू संचालन का प्रावधान किया गया है। रायपुर एयरपोर्ट पर कार्गो सेवा शुरू होने से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अंबिकापुर (दरिमा) में 72-सीटर विमान के संचालन से दिल्ली–अंबिकापुर–कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के साथ दक्षिण छत्तीसगढ़ में जगदलपुर में भी एयर कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मंत्री राजेश अग्रवाल और सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने भी इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि निर्धारित शेड्यूल के तहत यात्रियों को दोनों दिशाओं में सुविधा उपलब्ध होगी। अंबिकापुर, सरगुजा संभाग का मुख्यालय होने के साथ उत्तर छत्तीसगढ़ का प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक और वाणिज्यिक केंद्र है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, वन संपदा और खनिज भंडार से समृद्ध है। मैनपाट, तातापानी और विभिन्न जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों के कारण यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।

इस हवाई सेवा के प्रारंभ होने से सरगुजा संभाग सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जुड़ जाएगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, निवेश के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार मिलेगा।

एलायंस एयर का फ्लाइट शेड्यूल (सप्ताह में 4 दिन)
विमानन कंपनी एलायंस एयर द्वारा इन उड़ानों का संचालन किया जाएगा और टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है।

दिल्ली रूट (सोमवार और बुधवार):
सोमवार (फ्लाइट 91613): दिल्ली से बिलासपुर होते हुए सुबह 11:35 बजे अंबिकापुर आगमन, वापसी में दोपहर 12:00 बजे दिल्ली प्रस्थान।
बुधवार (फ्लाइट 91614): दिल्ली से सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर आगमन, दोपहर 12:00 बजे बिलासपुर होते हुए दिल्ली प्रस्थान।

कोलकाता रूट (गुरुवार और शनिवार):
शनिवार (फ्लाइट 91763): कोलकाता से बिलासपुर होते हुए सुबह 10:00 बजे अंबिकापुर आगमन, 10:25 बजे कोलकाता प्रस्थान।
गुरुवार (फ्लाइट 91765): कोलकाता से सुबह 08:50 बजे अंबिकापुर आगमन, 09:15 बजे बिलासपुर होते हुए कोलकाता प्रस्थान।

उल्लेखनीय है कि मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा का विकास क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के अंतर्गत किया गया है। रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया है, जिससे अब एटीआर जैसे विमान संचालित हो सकते हैं। लगभग 48.25 करोड़ रुपये की लागत से सिविल एवं विद्युतीकरण कार्य किए गए हैं और टर्मिनल भवन का उन्नयन 72 यात्रियों की क्षमता के अनुरूप किया गया है। एयरपोर्ट परिसर में पार्किंग एवं फोरलेन सड़क की सुविधा भी विकसित की गई है।