मार्च क्लोजिंग को देखते हुए CAIT की मांग : 31 मार्च तक बैंक खुले रखने का आग्रह

मार्च क्लोजिंग को देखते हुए CAIT की मांग : 31 मार्च तक बैंक खुले रखने का आग्रह

रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारी संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) छत्तीसगढ़ ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र प्रेषित कर मार्च क्लोजिंग के दौरान लगातार बैंक अवकाशों को लेकर चिंता व्यक्त की है। संगठन ने 31 मार्च 2026 तक (रविवार छोड़कर) सभी बैंकों को खुले रखने का आग्रह किया है।

कैट छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने पत्र में बताया कि 26 मार्च को बैंक अवकाश रहा, 28 और 29 मार्च को भी अवकाश निर्धारित है, वहीं 31 मार्च को महावीर जयंती और वर्षांत के कारण बैंक बंद रहने से व्यापारियों को अपने वित्तीय कार्य समय पर पूर्ण करने में कठिनाई हो सकती है।

संगठन के अनुसार मार्च माह व्यापारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसमें भुगतान, खातों का मिलान, समायोजन और कर संबंधी लेन-देन जैसे आवश्यक कार्य पूरे किए जाते हैं। लगातार अवकाशों के कारण व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

कैट छत्तीसगढ़ ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि मार्च क्लोजिंग को ध्यान में रखते हुए 31 मार्च तक सभी बैंक शाखाओं को सामान्य कार्य हेतु खुले रखने के निर्देश दिए जाएं तथा आवश्यकतानुसार अवकाशों का पुनर्निर्धारण किया जाए।

साथ ही बैंकों को यह निर्देश देने का भी आग्रह किया गया है कि वे व्यापारियों और आम नागरिकों के आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें।

कैट छत्तीसगढ़ ने विश्वास जताया है कि सरकार इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेगी।