राज्यपाल रमेन डेका से धमतरी के सुदूर वनांचल क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों ने की आत्मीय मुलाकात
बच्चों को 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा
रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका से लोकभवन में धमतरी जिले के सुदूर आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्र नगरी विकासखंड के प्रतिभाशाली स्कूली बच्चों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान राज्यपाल ने बच्चों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस समूह में शामिल 22 बच्चों का चयन नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए हुआ है, जबकि पांच बच्चों ने स्पोकन इंग्लिश में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सातवीं कक्षा की छात्रा गरिमा साहू द्वारा तैयार एआई आधारित वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया, जिसकी राज्यपाल ने सराहना करते हुए उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
राज्यपाल ने इन बच्चों की सफलता में योगदान देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया और कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों को आगे बढ़ाने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है और उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत और लगन आवश्यक है। उन्होंने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की उपलब्धियों को प्रेरणादायी बताया।
राज्यपाल ने सभी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए 5-5 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। साथ ही उन्हें गुल्लक भी प्रदान किए गए, ताकि उनमें बचत की आदत विकसित हो सके।
इस अवसर पर उपसचिव निधि साहू सहित जनप्रतिनिधि, ग्राम सरपंच, संबंधित स्कूलों के प्रधान पाठक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

admin 




