नई दिल्ली/रायपुर (चैनल इंडिया)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने बस्तर में शांति व्यवस्था, विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी से कहा कि सर अब नक्सल प्रभावित बस्तर से डर नहीं लगता। नक्सलियों के आत्म समर्पण एवं इनकाउंटर से बस्तर में शांति का माहौल बन रहा है और आदिवासी फिर से विकास में भागीदारी निभा रहे है। बस्तर समेत छत्तीसगढ़ की तस्वीर भी बदल रही है। इसके साथ ही उन्होंने हाल ही में छत्तीसगढ़ में आयोजित सुशासन तिहार की प्रधानमंत्री को जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब बस्तर का चेहरा बदल रहा है, जो कभी बंदूक और बारूदी सुरंगों के लिए जाना जाता था, आज वहाँ मोबाइल टावर खड़े हो रहे हैं, जो सिर्फ संचार का माध्यम नहीं बल्कि विकास और विश्वास के प्रतीक बन चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बस्तर में सिर्फ मोबाइल टावर नहीं लग रहे हैं, बल्कि ये टॉवर इस बात का सबूत हैं कि वहां के बच्चे और युवा भी अब डिजिटल दुनिया से जुड़ रहे हैं। पहले जहां बच्चों को पढ़ाई या नौकरी की तैयारी के लिए शहर जाना पड़ता था, अब वही काम वे अपने गांव में मोबाइल नेटवर्क के ज़रिए ऑनलाइन कर पा रहे हैं। अब बस्तर का युवा भी स्मार्टफोन से अपनी दुनिया खुद बना रहा है। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की और छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बोधघाट परियोजना पर भी हुई चर्चा
नई दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात केवल एक शिष्टाचार भेंट नहीं थी, बल्कि बस्तर के बदलते परिदृश्य, योजनाओं की प्रगति और सुशासन की अवधारणाओं को लेकर गंभीर चर्चा का मंच बनी। उन्होंने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी से चर्चा में बोधघाट परियोजना पर चर्चा हुई है। इसके बनने से चार लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी, और सवा सौ मेगावाट बिजली उत्पादन हो सकेगा। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि अब बस्तर का चेहरा पूरी तरह बदल रहा है।
समय पर होगा कैबिनेट का विस्तार
मुख्यमंत्री दिल्ली दौरे पर रवाना होते ही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें तेज हो गई थी। दिल्ली से लौटते मुख्यमंत्री ने कैबिनेट विस्तार की अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कर दिया कि समय आने पर वो भी हो जाएगा।
अमित शाह से बोले सीएम साय, नक्सल उन्मूलन अभियान अब निर्णायक मोड़ पर
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में माओवादी विरोधी अभियानों की अब तक की सफलताओं और बस्तर अंचल में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा तथा मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की नई रणनीति और केंद्र के सहयोग से नक्सल उन्मूलन अभियान को निर्णायक मोड़ पर पहुंचाया गया है। विगत डेढ़ वर्ष में चलाए गए सघन अभियानों के सकारात्मक परिणाम मिले हैं। 1,428 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है, जो बीते पांच वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों से माओवादी गतिविधियों पर निर्णायक नियंत्रण संभव हो रहा है और केंद्र सरकार राज्य को हर संभव सहायता देती रहेगी।