अमेरिका ने भारत यात्रा को लेकर जारी की एडवाइजरी,सतर्कता बरतने की समझाइश

अमेरिका ने भारत यात्रा को लेकर जारी की एडवाइजरी,सतर्कता बरतने की समझाइश

नईदिल्ली। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की ओर से अपने नागरिकों के लिए एक नई एडवाइजरी जारी की गई है।
एडवाइजरी में भारत में अपराध और दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं का हवाला दिया गया है। भारत की यात्रा के दौरान अमेरिकी नागरिकों को सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है। भारत के केंद्रीय और पूर्वी हिस्सों में आतंकवाद के खतरे को देखते हुए कुछ क्षेत्रों में यात्रा नहीं करने की भी सलाह दी गई है। यह एडवाइजरी 16 जून को जारी की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अमेरिका की मदद सीमित है, इसलिए नागरिकों को पहले से तैयार रहना चाहिए। 

एडवाइजरी में कहा गया है कि भारत में दुष्कर्म सबसे तेजी से बढ़ने वाले अपराधों में से एक है और हिंसक अपराध, खासकर पर्यटक स्थलों पर, बढ़ रहे हैं। आतंकी हमले अचानक किसी भी समय हो सकते हैं। जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि टूरिस्ट स्पॉट्स, बाजार, मॉल्स और ट्रांसपोर्ट हब को खास तौर पर टारगेट किया जा सकता है।

अमेरिका द्वारा छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के ग्रामीण हिस्सों में नक्सली गतिविधियों के चलते यात्रा न करने की सलाह दी गई है। मणिपुर की यात्रा से भी मना किया गया है, जहां जातीय संघर्ष के चलते हिंसा और विस्थापन की घटनाएं जारी हैं। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर (लेह और पूर्वी लद्दाख को छोड़कर) में भी यात्रा को लेकर सावधानी बरतने को कहा गया है।

एडवाइजरी में अमेरिकी सरकार द्वारा बताया गया कि भारत में काम कर रहे उनके सरकारी कर्मचारियों को बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मेघालय और महाराष्ट्र के पूर्वी हिस्से में यात्रा से पहले अनुमति लेनी होगी। इसके साथ ही मणिपुर में भी यात्रा से पहले अनुमति अनिवार्य है।