12वीं हिंदी की परीक्षा निरस्त, 10 अप्रैल को पुनः एग्जाम देने करें तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने कक्षा 12वीं हिंदी विषय की परीक्षा निरस्त कर दी है। मंडल द्वारा यह निर्णय प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका के मद्देनज़र लिया गया है। अब उक्त परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को पुनः आयोजित की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 मार्च 2026 को आयोजित हिंदी विषय की परीक्षा के “सेट-बी” प्रश्नपत्र के लीक होने की खबर 15 एवं 16 मार्च को सोशल मीडिया तथा कुछ समाचार पत्रों में प्रसारित हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, साथ ही सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज की गई।
इस संबंध में 23 मार्च को आयोजित परीक्षा समिति की बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद 14 मार्च को आयोजित परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सर्वसम्मति से परीक्षा की नई तिथि 10 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई।
मंडल ने परीक्षार्थियों एवं संबंधित अधिकारियों से नई तिथि के अनुसार आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

admin 




