सदस्य बनाने में मंत्री दयालदास बघेल व लखनलाल देवांगन अव्वल

सदस्य बनाने में मंत्री दयालदास  बघेल व लखनलाल देवांगन अव्वल

विधायक रिकेश सेन व अजय चंद्राकर ने सबको पीछे छोड़ा

अभियान के 35 दिनों में 35 लाख सदस्य बने  

रायपुर (चैनल इंडिया)। छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए सदस्यता अभियान के लक्ष्य को मंत्री दयालदास बघेल (12,804)व लखनलाल देवांगन ( 11,115) ने पूरा कर लिया है। इसी तरह विधायक अजय चंद्राकर व रिकेश सेन ने भी अपने लक्ष्य को पूरा कर लिया है। सदस्य बनाने के मामले में विधायक रिकेश सेन सबसे आगे हैं। उन्होंने अब तक 32,490 सदस्य बनाए हैं। इसी तरह कुरुद विधायक अजय चंद्राकर दूसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 13,700 सदस्य बनाए हैं।  वैसे अधिकतर मंत्रियों विधायकों और सांसदों के क्षेत्र में ही सदस्यता का अभियान पिछड़ा हुआ है। भाजपा ने तीन हजार लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने वाले कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ भोजन करने का ऑफर भी दिया था। बावजूद इसके 35 दिन में अब तक 35 लाख सदस्य बन पाए हैं। भाजपा ने 60 लाख लोगों को सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। तीन सितंबर को शुरू हुआ अभियान 15 अक्टूबर को खत्म हो रहा है। ऐसे में अब आठ दिन बचे हैं और रोज तीन लाख से अधिक सदस्य बनाने पर ही यह लक्ष्य पूरा सकेगा।  प्रदेश की 90 सीट वाली विधानसभा में भाजपा समर्थित वर्तमान के 53 विधायकों में 46 विधायक अभी तक 10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाए हैं। विधानसभा चुनाव में 90 सीटों में से भाजपा ने 54 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने 35 और एक सीट गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के खाते में गई थी। रायपुर-दक्षिण विधानसभा के विधायक बृजमोहन अग्रवाल के रायपुर का सांसद बनने के बाद अभी एक सीट रिक्त है। ऐसे में भाजपा के फिलहाल 53 विधायक हैं।   इसी तरह प्रदेश की 11 में से 10 लोकसभा सीटों पर भाजपा के सभी सांसद लक्ष्य से पीछे हैं। अभी तक एक भी सांसद अपने निर्धारित 20 हजार सदस्य बनाने के लक्ष्य को नहीं छू पाए हैं। प्रदेश में 23,681 बूथ हैं। प्रत्येक बूथ में 200 सदस्य बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसके पहले 2019 में 31.40 लाख सदस्य बनाए थे। सांसदों को 20 हजार, विधायकों को 10 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है।