विधायक रोहित साहू ने सुनी मन की बात की 123वीं कड़ी, जनभागीदारी को बताया राष्ट्र निर्माण की कुंजी

गरियाबंद से विजय सहू की रिपोर्ट
गरियाबंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 123वां संस्करण पूरे देश के साथ गरियाबंद में भी श्रद्धा, उत्साह और जनभागीदारी के साथ सुना गया। इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने अपने निवास पर कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया और प्रधानमंत्री के विचारों को राष्ट्र निर्माण की दिशा में अत्यंत प्रेरणादायी बताया।
प्रधानमंत्री की सोच हर नागरिक को जोड़ती है : विधायक रोहित साहू
कार्यक्रम के पश्चात विधायक रोहित साहू ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी देश की आत्मा को स्पर्श करते हैं। मन की बात सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि भारत के सामान्य जन के असाधारण योगदान की पहचान है। प्रधानमंत्री ऐसे विषयों को सामने लाते हैं जो देश को जोड़ते हैं प्रेरित करते हैं और आगे बढ़ने का संकल्प देते हैं। उन्होंने कहा कि आज के एपिसोड में प्रधानमंत्री ने योग दिवस की व्यापकता, पर्यावरण संरक्षण में समाज की भागीदारी, महिलाओं की सशक्त भूमिका, भारत के अंतरिक्ष मिशन, ऐरी सिल्क जैसे स्वदेशी उत्पादों और ट्रैकोमा जैसी बीमारी के खात्मे जैसी उपलब्धियों की चर्चा कर यह संदेश दिया कि भारत अब हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
छोटे प्रयास, बड़े परिणाम की भावना अपनाएं
विधायक रोहित साहू ने प्रधानमंत्री के उस संदेश को भी महत्वपूर्ण बताया जिसमें उन्होंने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव की नींव रख सकते हैं। उन्होंने कहा यह संदेश हम सभी के लिए दिशा है। यदि हर व्यक्ति अपने स्तर पर सकारात्मक और जनहितकारी कदम उठाए तो समाज और देश में अद्भुत परिवर्तन लाया जा सकता है। छत्तीसगढ़ में भी इसी सोच के साथ हम कार्य कर रहे हैं प्रकृति, स्वास्थ्य और समाज के लिए।
आपातकाल की याद संविधान की रक्षा का संकल्प
प्रधानमंत्री द्वारा 1975 के आपातकाल की चर्चा को याद करते हुए विधायक साहू ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतंत्र हमारे संविधान की आत्मा है और इसका संरक्षण प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा आपातकाल जैसे कालखंड हमें यह सिखाते हैं कि लोकतंत्र की कीमत क्या होती है और हमें उसकी रक्षा के लिए सदैव सजग रहना चाहिए।
जनभागीदारी से बनेगा विकसित भारत
विधायक साहू ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री का विजन विकसित भारत केवल सरकारी योजनाओं से नहीं बल्कि जनसहभागिता से साकार होगा। उन्होंने युवाओं , महिलाओं, किसानों, उद्यमियों और प्रत्येक नागरिक से अपील की कि वे राष्ट्र निर्माण की इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनें।
कार्यकर्ताओं में उत्साह कार्यक्रम में उमड़ी भीड़
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे। मन की बात के बाद उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों की सराहना की और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।