मानसून सत्र 2025: मोदी सरकार लाएगी 8 बड़े विधेयक

नई दिल्ली। संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई 2025 से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगा, जिसमें कुल 21 बैठकें होंगी और बीच में 12 से 18 अगस्त तक अवकाश रहेगा। इस सत्र में मोदी सरकार आठ नए विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इन विधेयकों का मकसद खेल संघों में पारदर्शिता, खनिज संसाधनों का बेहतर प्रबंधन, भू-वैज्ञानिक धरोहर की सुरक्षा, आईआईएम संस्थानों के प्रशासनिक सुधार और कर कानूनों में बदलाव जैसे अहम विषयों को कवर करना है। साथ ही, कुछ विधेयक राज्य विशेष जैसे मणिपुर जीएसटी संशोधन से जुड़े हैं, तो कुछ देशव्यापी नीतिगत बदलाव लाने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं। इस सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा मणिपुर में राष्ट्रपति शासन के विस्तार, पहलगाम आतंकी हमले, “ऑपरेशन सिंदूर”, जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव और बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे मुद्दे जोर-शोर से उठाए जाने की संभावना है। कुल मिलाकर, यह सत्र काफी व्यस्त और राजनीतिक रूप से गरम रहने वाला है।
मानसून सत्र में पेश किए जाने वाले नए विधेयक:
1. नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल
2. नेशनल एंटी-डोपिंग अमेंडमेंट बिल
3. माइन्स एंड मिनरल्स (अमेंडमेंट) बिल
4. जियो-हेरिटेज साइट्स एंड जियोरिलिक्स प्रिजर्वेशन एंड मेंटेनेंस बिल
5. आईआईएम (अमेंडमेंट) बिल
6. मणिपुर जीएसटी (अमेंडमेंट) बिल
7. टैक्सेशन लॉज (अमेंडमेंट) बिल
8. जन विश्वास (अमेंडमेंट ऑफ प्रोविजन्स) बिल