BHOPAL
‘प्यारे मियां’ ने किया कई सालों तक नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण, सरकारी मदद की आस में एक पीड़िता ने दी तड़प तड़प जान


भोपाल। मध्यप्रदेश के भोपाल में 17 वर्षीय दुष्कर्म पीड़िता की बुधवार रात को एक अस्पताल में मौत हो गई। दुष्कर्म के इस मामले में एक अखबार का मालिक आरोपी बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पुलिस ने पांच लड़कियों को नशे की हालत में घूमते हुए पकड़ा था। जांच के दौरान पता लगा की एक शख्स उनका शारीरिक शोषण करता है। जिसके बाद डिप्रेस्ड लड़की ने नींद की गोली खा ली थी।
मामले की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया है कि किशोरी ने सरकारी बालिका आश्रय गृह में नींद की गोलियां खा ली थीं, इसके बाद उसे सोमवार रात को गंभीर हालत में सरकारी हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला प्रशासन ने बुधवार को ही इस मामले में कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए थे।
हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डॉ आई डी चौरसिया के मुताबिक, किशोरी को सोमवार रात को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात को उसकी मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. उल्लेखनीय है कि पिछले साल जुलाई में स्थानीय अखबार चलाने वाले प्यारे मियां (68) के खिलाफ पांच नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) उपेन्द्र जैन ने बताया कि जिस लड़की ने सोमवार रात को नींद की गोलियां खाई थीं। वह इन पांच पीड़ित बालिकाओं में से एक थी। उन्होंने बताया है कि पीड़ित लड़कियों को सुरक्षा के मद्देनजर सरकारी बालिका आश्रय गृह में रखा गया था।
गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में भोपाल के रातिबाड़ इलाके में पांच लड़कियों के नशे की हालत में घूमने के बाद प्यारे मियां और उसकी साथी स्वीटी विश्वकर्मा (21) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मियां पर आरोप है कि उसने नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया था। पुलिस ने बाद में उसे जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Headline: Pyare Mian had sexually abused minor girls for many years in Madhya Pradesh
