दुर्ग में सराफा कारोबारी की बेरहमी से हत्या

दुर्ग में सराफा कारोबारी की बेरहमी से हत्या
दिनदहाड़े घर में घुस कर कारोबारी को घसीट कर ले गए 
पीट-पीट कर उतारा मौत के घाट
दुर्ग (चैनल इंडिया)। सराफा कारोबारी की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। शीतल नगर निवासी सराफा कारोबारी संतोष आचार्य की आठ हमलावरों ने घर में घुसकर हत्या कर दी। वारदात की बर्बरता ने शहर में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
वारदात के समय संतोष आचार्य घर पर अकेले थे। इसी दौरान आठ आरोपी लोहे की रॉड से दरवाजा तोडक़र अंदर घुसे और संतोष पर लाठी-डंडों, लात-घूंसों से हमला कर दिया। संतोष के गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद हमलावरों ने उन्हें नहीं छोड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आरोपियों ने संतोष को घर से घसीटकर बाहर निकाला, फिर पास खड़ी कचरा गाड़ी में डालकर सराफा लाइन क्षेत्र तक ले गए। वहां पहुंचकर बदमाशों ने फिर से संतोष की क्रूरता से पिटाई की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें समय से पहले बंद कर दी। स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि शहर के बीचोबीच ऐसी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे का कारण पैसों का लेन-देन और पुराना विवाद है। संतोष और आरोपियों के बीच कुछ समय से व्यवसायिक मतभेद और झगड़ा चल रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस घटना के पीछे किसी तीसरे पक्ष की साजिश या दबाव शामिल था।