खबरे छत्तीसगढ़
राहुल से तीसरे दिन ED की पूछताछ LIVE:ED ऑफिस पहुंचे राहुल गांधी; पुलिस से भिड़ीं महिला कार्यकर्ता, हिरासत में ली गईं


नेशनल हेराल्ड केस में बुधवार को लगातार तीसरे दिन प्रवर्तन निदेशालय (ED) राहुल गांधी से पूछताछ करेगा। राहुल गांधी ED ऑफिस पहुंच गए हैं। पूछताछ के विरोध में पार्टी नेता और कार्यकर्ता आज भी सड़कों पर उतरे हैं। पुलिस इन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। इस दौरान कई महिला कार्यकर्ता पुलिस ने भिड़ गईं, पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया है।
मंगलवार को 4 घंटे से ज्यादा समय पूछताछ की गई
मंगलवार को पूछताछ का दूसरा दिन था। राहुल गांधी से ED अफसर ने पहले राउंड में 4 घंटे से भी ज्यादा समय तक पूछताछ की। वहीं लंच ब्रेक के बाद करीब 6 घंटे तक सवालों की सिलसिला चलता रहा। अधिक समय तक पूछताछ चलने को लेकर एजेंसी का कहना है कि राहुल के स्टेटमेंट रिकॉर्ड करने में ज्यादा वक्त लग रहा है।

राहुल गांधी कार से जांच एजेंसी के ऑफिस पहुंचे थे। उनके साथ बहन प्रियंका गांधी भी थीं। राहुल को छोड़ने के बाद प्रियंका वहां से चली गईं। दोनों दिन कांग्रेस कार्यालय के बाहर हुए हंगामे के कारण वहां धारा 144 लागू कर दी है।
राहुल के साथ पैदल मार्च करके जा रहे कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला को घसीटकर पुलिस ने वैन में बैठा लिया। मार्च में शामिल अन्य नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। सुरजेवाला ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें चोट आई है। पी चिदंबरम को भी पसली में चोट आई है।
CM बघेल की पुलिस से झड़प बोले- आप सीएम को नहीं रोक सकते
कांग्रेस कार्यालय के पास लगे बैरिकेड पर रोके जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दिल्ली पुलिस से झड़प हो गई। उन्होंने पुलिस से कहा- आप एक मुख्यमंत्री को नहीं रोक सकते हैं, लेकिन पुलिस ने उन्हें नहीं जाने दिया। इससे पहले राहुल अपने घर से प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। जहां कांग्रेस के तमाम नेताओं ने ओपन एरिया में बातचीत की। यहां से रणनीति तैयार होने के बाद राहुल ED दफ्तर के लिए रवाना हुए।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का हंगामा बोले- मुझे गोली मारो
बैरिकेड पर रोके जाने के बाद दिल्ली कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी ने हंगामा किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और जोर-जोर से चिल्लाने लगे कि गोली मारो मुझे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर वैन में बैठाया तो वे पुलिस और प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
ये नेता हिरासत में
रणदीप सिंह सुरजेवाला, हरीश रावत, केसी वेणुगोपाल, अधीर रंजन चौधरी, गौरव गोगोई, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, रंजीत रंजन, इमरान प्रतापगढ़ी समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने अकबर रोड से हिरासत में ले लिया। इन्हें बद्रपुर थाने ले जाया गया। सोमवार को करीब एक हजार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था, जिन्हें देर रात छोड़ दिया गया था।
सरकार संपत्ति बेच रही, विरोध करने वालों की आवाज दबा रही: सुरजेवाला
कांग्रेस कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा- सरकार 70 साल में बनाई गईं संपत्तियों को बेच रही है। इसके विरोध में उठने वाली राहुल गांधी की आवाज को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस डरने वाली नहीं है।
पहले भ्रष्टाचार किया, अब ड्रामा कर रहे हैं: पात्रा
राहुल की पेशी के विरोध में हो रहे कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा- गांधी परिवार खुद को देश का प्रथम परिवार समझता है। राहुल खुद को राजकुमार समझते हैं। देश में ना कोई राजा है ना राजकुमार। हमारे प्रधानमंत्री भी खुद को प्रधान सेवक कहते हैं। सोनिया-राहुल ने पहले भ्रष्टाचार किया, अब ड्रामा कर रहे हैं।
राहुल ने ED अफसरों से कहा था- रात में यहीं रोकने का इरादा है क्या?
जांच एजेंसी ने पहले दिन सोमवार को राहुल गांधी से करीब 9 घंटे पूछताछ की थी। राहुल ने देर रात तक हो रही पूछताछ के दौरान ED के अफसर से कहा कि ‘क्या रात को यहीं रोकने का इरादा है। यदि ऐसा है, तो मैं डिनर के बाद आऊं।’
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान एजेंसी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं दिखी। उनसे कुछ पेपर्स भी मांगे गए हैं। राहुल कई बार एजेंसी के सवाल का जवाब देने से बचते नजर आए। इसके चलते उन्हें मंगलवार को दोबारा बुलाया गया है।
ED ने पूछा- 50 लाख के शेयर के लिए पैसे कैसे जुटाए?
- आपकी संपत्ति कहां-कहां है? क्या विदेश में कोई संपत्ति है? हां, तो कहां और कितनी है?
- AJL में आपकी भूमिका क्या थी, यंग इंडिया से कैसे जुड़े?
- यंग इंडिया के डायरेक्टर कैसे बने? कंपनी कब-कितने में बनाई?
- क्या यंग इंडिया AJL का टेकओवर कर सकती है?
- AJL की देनदारी खत्म करने के लिए जो पेमेंट हुई, वह किसके फैसले पर दी गई?
- AJL के 50 लाख रुपए के जो शेयर आपने खरीदे, उसका पेमेंट कैसे किया गया था?
- आपकी कितनी हिस्सेदारी थी? आपने अपने शेयर कैसे और कितने में खरीदे? इसके लिए पैसे कहां से जुटाए?
- AJL की 90.9 करोड़ रुपए की देनदारी को टेकओवर के बाद माफ क्यों कर दिया गया?
- शेयर अपने नाम से लिए, जबकि नेशनल हेराल्ड को कांग्रेस ने 90.9 करोड़ रु. दिए?
- टेकओवर के लिए पुराने शेयर होल्डर्स की मीटिंग के मिनिट्स? अगर मीटिंग नहीं बुलाई गई थी, तो इसका कारण क्या था?
- AJL को कांग्रेस पार्टी ने लोन क्यों दिया, जबकि वह एक डूबता हुआ जहाज था?
- नेशनल हेराल्ड को पुनर्जीवित करने के पीछे क्या मकसद था?
-
मां से मिलने गए थे राहुल
इससे पहले सोमवार सुबह ED ने राहुल से करीब 3 घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे लंच ब्रेक हुआ। ED ने उन्हें लंच के लिए पूछा, लेकिन राहुल ने मना कर दिया। इसके बाद वे प्रियंका गांधी के साथ सीधे सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी से मिलने पहुंचे। करीब 40 मिनट बाद राहुल वापस ED के दफ्तर लौटे। इसके बाद उनसे दोबारा पूछताछ शुरू हुई।
इधर, पार्टी प्रवक्ता और सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि पूर्व गृह मंत्री, पी.चिदंबरम के साथ पुलिस की धक्कामुक्की हुई, चश्मा जमीन पर फेंका, उनकी बाईं पसलियों में हेयरलाइन फ्रैक्चर है। सांसद प्रमोद तिवारी को सड़क पर फेंका गया। सिर में चोट और पसली में फ्रैक्चर है। क्या यह प्रजातंत्र है?
हिरासत में लिए गए नेताओं से मिलने पहुंचीं प्रियंका
पुलिस ने सोमवार को राहुल गांधी के साथ ED ऑफिस जा रहे नेताओं को हिरासत में ले लिया था। इनमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई नेता शामिल हैं। प्रियंका गांधी ने तुगलक रोड पुलिस स्टेशन पहुंचकर इन नेताओं से मुलाकात की थी।
सोमवार को प्रियंका गांधी के साथ तुगलक रोड थाने पहुंचे सांसद अधीर रंजन चौधरी ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाया। उन्होंने SHO को शिकायती पत्र भी दिया।
