channel india
कलेक्टर महादेव कावरे ने किया धान खरीदी केंद्रों का आकस्मिक दौरा


जशपुर। पत्थलगांव विकासखंड तमता एवं केराकछार धान खरीदी केन्द्रों का कलेक्टर महादेव कावरे ने निरीक्षण किया। उन्होंने धान उर्पाजन केन्द्र में अब तक हुए धान खरीदी, टोकन वितरण, बारदाना उपलब्धता, राशि भुगतान के सम्बंध में समिति प्रबंधक से जानकारी ली।
कलेक्टर ने खरीदी केन्द्र में किसानों से धान खरीदी के संबंध में जानकारी लेते हुए धान का नमी परीक्षण एवं धान तौलाई का निरीक्षण किया। उन्होनें केंद्र में बारदाने की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए धान भण्डारण का भी निरीक्षण किया एवं समय पर केंद्र से धान उठाव करने की बात कही।
समिति प्रबंधक पत्थलगांव ने बताया कि अब तक 986 किसानों का कुल 61931.60 क्विन्टल धान खरीदी किया गया है। केंद्र में लगभग 71 प्रतिशत किसानों का धान क्रय कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र में 45614 बारदाना उपलब्ध है।
आगामी 2 दिवस में धान खरीदी के लिए 66 किसानों को टोकन जारी किया गया है एवं केंद्र से मिलर्स द्वारा 64 प्रतिशत धान का उठाव कर लिया गया है।
समिति प्रबंधक तमता ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 546 किसानों द्वारा कुल 42138.40 क्विन्टल धान की बिक्री की गई है एवं अगले दो धान खरीदी दिवस के लिए 19 किसानों को टोकन जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र में अभी 4138 बारदाना उपलब्ध है एवं अभी तक मिलर्स द्वारा केंद्र से लगभग 34 प्रतिशत धान का उठाव कर लिया गया है।
इसी प्रकार घरजियाबथान समिति प्रबंधक ने बताया कि अब तक 767 किसानों द्वारा कुल 53093.60 क्विन्टल धान की बिक्री की गई है एवं दो दिवस के लिए 22 किसानों को टोकन जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र में अभी 8376 बारदाना उपलब्ध है एवं अभी तक मिलर्स द्वारा लगभग 46 प्रतिशत धान का उठाव कर लिया गया है।
कलेक्टर ने सभी पीडीएस दुकानों एवं राईस मिलर्स से बारदाना समितियों को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। धान खरीदी के लिए शत प्रतिशत पीडीएस बारदाने उपलब्ध कराने की हिदायत सभी अधिकारियों को दिए।
उन्होंने धान खरीदी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत देते हुए बारदाने समय पर उपलब्ध न कराने वाले एवं धान खरीदी कार्य मे गड़बड़ी करने वालो पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने राईस मिल में धान भंडारण का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश एसडीएम को दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बालाजी राव, अनुविभागीय अधिकारी पत्थलगांव योगेन्द्र श्रीवास, तहसीलदार पत्थलगांव महेश शर्मा, खाद्य निरीक्षक मनीष अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
