channel india
BIG BREAKING: CM उद्धव ठाकरे के सरकारी आवास पर तैनात पुलिस अफसर कोरोना संक्रमित, केस बढ़ने के बाद मुंबई-पुणे अब हार्ड रेड जोन में!!


मुंबई(चैनल इंडिया)22/04/2020- महाराष्ट्र में मुंबई और पुणे में संक्रमण की स्थिति बिगड़ती जा रही है। मुंबई में अब तक 3451 की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। पुणे में यह आंकड़ा 813 के करीब पहुंच गया है। दोनों ही जगहों पर एक महीने से लॉकडाउन है। बावजूद इसके संक्रमण पर काबू नहीं पाया जा सका है। इसके बाद बुधवार से राज्य सरकार ने मुंबई और पुणे को हार्ड रेड जोन में डाल दिया है। इसका मतलब है कि यहां लॉकडाउन में दी गई किसी भी तरह की ढील लागू नहीं होगी, बल्कि अभी तक जो सख्ती चल रही थी, वह और ज्यादा बढ़ेगी। हालांकि, राज्य के ग्रीन और ऑरेंज जोन वाले 26 जिलों में कारोबारी गतिविधियां जारी रहेंगी। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि सशर्त दी गई अनुमति का दुरुपयोग हुआ तो ढील पर भी पुनर्विचार किया जा सकता है।
महाराष्ट्र के सीएम आवास पर तैनात पुलिस अफसर संक्रमित
उधर, महाराष्ट्र के सीएम आवास पर भी वायरस ने दस्तक दे दी है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के सरकारी बंगले ‘वर्षा’ में तैनात एक पुलिस अधिकारी को मंगलवार को कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस अधिकारी को क्वारैंटाइन कर दिया गया। उनके संपर्क में आए छह अन्य पुलिसकर्मियों को क्वारैंटाइन किया गया है। इसके अलावा पूरे बंगले को सैनिटाइज करने का काम किया जा रहा है। ‘वर्षा’ अधिकृत मुख्यमंत्री आवास है। हालांकि, उद्धव ज्यादातर वक्त अपने निजी आवास मातोश्री में ही रहते हैं।
महाराष्ट्र: संक्रमितों का आंकड़ा 5218 तक पहुंचा
- महाराष्ट्र में संक्रमण विकराल रूप धारण कर चुका है। मंगलवार को 552 कोरोना संक्रमितों के मिलने के साथ ही राज्य में मरीजों की संख्या बढ़कर 5218 हो गई। वहीं मंगलवार को कुल 19 मरीजों की मौत हुई है, जिसमें से 12 सिर्फ मुंबई से हैं। इसके अलावा 3 पुणे से, दो ठाणे और एक-एक सांगली और पिंपरी चिंचवाड़ से है। राज्य में अब तक कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या 251 हो गई है। हालांकि, राज्य में अब तक722 कोरोना संक्रमित ठीक भी हो चुके हैं।
- पुणे के रूबी हॉल क्लीनिक में 17 नर्स समेत तीन डॉक्टर, वार्ड बॉय के अलावा कुल 25 लोग कोविड-19 संक्रमित पाए गए। अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बोमी नेट ने बताया कि रुबी हॉल में एक हजार लोगों का कोरोना टेस्ट किया गया था, जिनमें 25 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
- राज्य के चार जिलों लातूर, उस्मानाबाद, हिंगोली और वाशिम से राहत भरी खबर आई। इन चारों जिलों में बीते 14 दिन में एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमित नहीं मिला।
- बृहन्नमुंबई नगर पालिका यानी बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि एक महीने के लॉकडाउन के बावजूद मुंबई में 9 से 20 अप्रैल के बीच निषिद्ध क्षेत्र यानी कंटेनमेंट जोन की संख्या 113% बढ़कर 381 से 813 हो गई। 9 अप्रैल को मुंबई में संक्रमितों की कुल संख्या 775 थी।
- दानके लिए पीएमकेयर्स की तर्ज पर महाराष्ट्र सरकार ने खाता खोला
- महाराष्ट्र सरकार ने कंपनियों द्वारा कार्पोरेट सामाजिक दायित्व यानी सीएसआरके तहत दान देने के लिए पीएमकेयर्स फंड की तर्ज पर मंगलवार को एक खाता खोला। महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के नाम से खोला गया है । इससे पहले केंद्र ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए गए दान पर टैक्स से छूट देने से इनकार कर दिया था। प्राधिकरण का यह खाता भारतीय स्टेट बैंक में खोला गया है। उसका खाता नंबर-39265578866, आईएफएससी कोड SBIN0000572 और एमआईसीआर 400002087 है।
