मुंबई के 2 बीएचके फ्लैट का किराया है 52 हजार रुपये रेंट सुनकर चौंके लोग, बोले- इतनी तो सैलरी होती है

नई दिल्ली। मुंबई को सपनों के शहर के अलावा मायानगरी कहते हैं। कहते हैं कि यह वह ग्लैमर वल्र्ड है, जहां लोग इस चकाचौंध भरी दुनिया में कहीं खो जाते हैं। आजीविका चलाने के लिए मुंबई आए लोगों को वहां की महंगाई का भी खूब सामना करना पड़ता है। कहते हैं कि मुंबई अमीरों और गरीबों दोनों को ही अपना लेती है, लेकिन फिर भी बॉलीवुड, स्ट्रीट फूड और समुद्री हवा के अलावा एक किफायती घर लेना आज भी लोगों के लिए काफी मुश्किल है।
अब हाल ही में, सोशल मीडिया पर मुंबई के घर के किराए को लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिस पर कई मीम्स भी बन रहे हैं और इसने लोगों को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि लोग प्रॉपर्टी को कैसे अपना प्रोफेशन बना रहे हैं और इसी से अपने घर का खर्च चला रहा हैं। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है। हाल ही में, सोशल मीडिया पर एक यूजर ने अपने मुंबई के 2बीएचक फ्लैट की एक लिस्टिंग शेयर की है। हालांकि, मुद्दा यह नहीं है कि उसने लिस्टिंग शेयर की है। बल्कि लोगों को शॉक तब लगा, जब उस व्यक्ति ने रूम का किराया बताया है। दो कमरों के घर का किराया हर महीने करीब 1 लाख रुपये है, जिसे देख हर कोई हैरान हो गया है। इंटरनेट पर लोगों ने इस मुद्दे पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया भी साझा की है।
एक यूजर ने एक्स पर अपने फ्लैट का एक विज्ञापन साझा किया है। उसने इस जानकारी को साझा करते हुए कहा कि वह एक महिला फ्लैटमेट की तलाश में है। उसके पास किराए के लिए एक मास्टर बेडरूम है। साथ ही उसने यह भी बताया कि उसका फ्लैट अनफर्निश्ड है यानी कि जो भी उस फ्लैट में शिफ्ट होगा, उसे खुद अपना सामान अपने साथ लाना होगा और सारे इंतजाम भी खुद ही करने होंगे। इसके साथ ही उसने बताया कि इस फ्लैट का किराया केवल 52 हजार रुपये हैं। जैसे ही यूजर ने अपने फ्लैट की यह जानकारी लोगों से साझा की सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर कमेंट करने वालों की झड़ी लग गई। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एक यूजर ने कहा, भाई यहां तो हमारी सैलरी ही इतनी है। यहां तो आपको कोई नहीं मिलेगा, जो इतना रेंट देकर आपसे घर ले।" दूसरे यूजर ने लिखा, भाई रेंट पर दो रहे हो या अगले से ईएमआई भरवा रहे हो। कोई कैसे इतना रेंट दे सकता है। एक और यूजर ने लिखा, इतना रेंट देने से अच्छा है कि अपना ही घर खरीद लो और फिर उसकी ईएमआई दे दो। वो ज्यादा अच्छा रहेगा।