फरवरी के पहले हफ्ते में ही टूटा गर्मी का 10 साल का रिकॉर्ड

फरवरी के पहले हफ्ते में ही टूटा गर्मी का 10 साल का रिकॉर्ड

रायपुर (चैनल इंडिया)। फरवरी के पहले हफ्ते में ही प्रदेश के कई शहर धधकने लगे हैं। राजधानी में सोमवार को गर्मी ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 3 फरवरी को इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी। पारा 35.1 डिग्री पर आ गया। पहाड़ों से चारों तरफ से घिरा दंतेवाड़ा में भी सूरज एक तरह से आग उगलने लगी। वहां अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री पर चला गया। यह प्रदेश का सर्वाधिक तापमान भी रहा।
हालांकि पहाड़ी इलाका होने के बावजूद प्रदेश में सबसे गर्म होना चौंकाने वाला है। गौर करने वाली बात ये है कि न केवल रायपुर या दंतेवाड़ा, बल्कि प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गर्मी बढ़ गई है। इन स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री तक बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। रायपुर में सोमवार को अधिकतर तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री ज्यादा रहा। यह जगदलपुर से भी ज्यादा रहा।
पिछले 10 सालों का अधिकतम तापमान का विश्लेषण करें तो पता चलता है कि इतना अधिकतम तापमान फरवरी के पहले सप्ताह में कभी नहीं रहा। इतना तापमान फरवरी के तीसरे या आखिरी सप्ताह में रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गर्मी पडऩे की मुख्य वजह उत्तर भारत से ठंडी हवा कम आना है। यही ट्रेंड रहा तो कुछ स्थानों पर मार्च में लू चलने की संभावना है।