गांधी उद्यान में फल–फूल प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ

गांधी उद्यान में फल–फूल प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ

रायपुर। आज गांधी उद्यान में आयोजित फल–फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी का शुभारंभ माननीय राज्यपाल रामेन डेका के करकमलों से हुआ। इस अवसर पर महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर रवि सक्सेना, नाबार्ड के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक, आर. प्रसन्ना (राज्यपाल महोदय के सचिव), नाबार्ड के CMD डॉ ज्ञानेद्र मणि, छत्तीसगढ़ उद्यानिकी विभाग के अतिरिक्त निदेशक नीरज शाह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि फ्लोरीकल्चर (पुष्प उत्पादन) एक अत्यंत लाभकारी एवं रोजगारोन्मुखी व्यवसाय है। उन्होंने विशेष रूप से रजनीगंधा (ट्यूबरोज) जैसे फूलों की व्यावसायिक खेती की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। साथ ही उन्होंने जैविक उर्वरकों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए जैविक कृषि अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने चरक संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि “आहार ही औषधि है” और इसलिए रसायन मुक्त, जैविक उत्पादों को अपनाना समय की आवश्यकता है।

उद्घाटन उपरांत राज्यपाल ने फूल प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा फल एवं सब्जी अनुभाग में प्रदर्शित उत्कृष्ट उत्पादों की सराहना की। उन्होंने आयोजन की भव्यता, विषयवस्तु एवं प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए आयोजकों को बधाई दी।

इस अवसर पर प्रकृति की ओर सोसायटी के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी द्वारा छत्तीसगढ़ में किए जा रहे पर्यावरण संरक्षण, शहरी हरियाली एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यों की जानकारी दी गई। सोसायटी द्वारा यह भी उल्लेख किया गया कि विधानसभा क्षेत्र एवं घड़ी चौक जैसे महत्वपूर्ण के प्रतिरूप को फूलों से सजाने पर प्रसन्नता दिखाई ।
समारोह के दौरान प्रदर्शनी की उत्कृष्ट थीम एवं सफल आयोजन के लिए डॉ. अनिल चौहान को राज्यपाल महोदय द्वारा विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही श्री डी. के. तिवारी को भी उनके विशिष्ट योगदान के लिए विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के सचिव निर्भय धारीवाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, प्रतिभागियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष मोहन वर्ल्यानी,  दलजीत बग्गा,जयेश पीथालिया, निर्भय धारीवाल,सुरेश बानी,  शिल्पी नागपुरे, सरवत सेठी,ममता मिश्रा , सुनीता चंसोरिया, लक्ष्मी यादव, पुरुषोत्तम चंद्राकर, शहनीला नजीब सहित संस्था के अनेक वरिष्ठ सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

यह प्रदर्शनी दिनांक 10 एवं 11 जनवरी को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी, जहाँ नागरिक फूलों, फलों एवं सब्जियों की विविध प्रजातियों के साथ-साथ आधुनिक बागवानी तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।