रोहित शर्मा खेलेंगे विजय हजारे ट्रॉफी : बीसीसीआई की शर्त मानी, कोहली पर भी बढ़ा दबाव
नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने बीसीसीआई (BCCI) की नई शर्त मानते हुए आगामी विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में खेलने का फैसला किया है। बीसीसीआई ने हाल ही में साफ किया था कि जो भी वरिष्ठ खिलाड़ी आने वाले समय में वनडे क्रिकेट और 2027 विश्व कप की योजनाओं में बने रहना चाहते हैं, उन्हें घरेलू क्रिकेट में भाग लेना अनिवार्य होगा।
इसी निर्देश के बाद रोहित शर्मा ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को सूचित किया है कि वे 24 दिसंबर से शुरू होने वाली विजय हजारे ट्रॉफी के लिए उपलब्ध रहेंगे। वे संभवतः टूर्नामेंट के पहले मैच में मुंबई की ओर से खेलते नज़र आएंगे।
इस फैसले के बाद अब सबकी निगाहें विराट कोहली पर हैं, जिनकी इस टूर्नामेंट में भागीदारी पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि अगर कोहली घरेलू क्रिकेट से दूरी बनाए रखते हैं, तो चयनकर्ताओं की नज़र में उनका वनडे भविष्य प्रभावित हो सकता है।
हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज़ में रोहित ने शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि कोहली शुरुआत के दो मैचों में नाकाम रहे थे। रोहित का विजय हजारे में उतरना न सिर्फ टीम चयन के लिए अहम संकेत है, बल्कि यह बताता है कि हिटमैन 2027 विश्व कप की तैयारी को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं।

admin 









