Breaking : जवानों का हौसला बढ़ाने बीजापुर पहुंचे सीएम साय

रायपुर। सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बस्तर के दौरे पर हैं। दंतेवाड़ा के ग्राम मुलेर के बाद सीएम साय बीजापुर के गलगम पहुंचे हैं। गलगम हैलीपेड पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस फोर्स के अधिकारियों ने सीएम साय का स्वागत किया। बीजापुर के करेगुट्टा में हाल ही में फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। गलगम में मुख्यमंत्री साय के साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी पहुंचे हैं।
गलगम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जवानों से संवाद
मुख्यमंत्री साय ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारे के साथ उद्बोधन की शुरुआत की। मुख्यमंत्री साय ने कहा, हमें सरकार में आए डेढ़ साल हुए हैं, इस अवधि में हमने राज्य में एक अच्छा सुशासन देने का प्रयास किया है। हम राज्य में सुशासन को स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। आप लगातार अनेक कठिन नक्सल विरोधी ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं। मैं बस्तर में जवानों के बारे में लगातार डीजीपी गौतम से बात करता रहता हूँ। आप 44 डिग्री की गर्मी में भी ऑपरेशन चलाते हैं। ऐसे जवानों के अदम्य साहस को मैं नमन करता हूँ। मैं सुरक्षा कैम्प को सुविधा कैम्प कहता हूँ। सुरक्षा कैम्प के माध्यम से अब बस्तर के सुदूर इलाकों में अनेक तरह की सुविधाएं पहुंच रही हैं। हमारी सरकार आई तो इस क्षेत्र में सबसे पहला कैम्प मूलेर में खोला गया।
सीएम साय ने कहा कि आज मूलेर समेत आसपास के गांव में राशन की सुविधा, बिजली, स्वास्थ्य, स्कूल, मोबाइल टॉवर जैसी सुविधाएं मिलने लगी हैं। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में नक्सल विरोधी अभियान में लगातार सफलता मिल रही है। राज्य में मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने का लक्ष्य है, निश्चित रूप से फोर्स के जवानों के अदम्य साहस की बदौलत हम इस संकल्प को पूरा कर लेंगे। बस्तर में नियद नेल्ला नार ने स्थानीय लोगों से जुड़ने में अहम भूमिका निभाई है।